ऊंट उत्सवः बना सबसे लंबी पगड़ी बांधने का विश्व रिकॉर्ड
राजस्थान के बीकानेर में आज अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की शुरुआत हुई। उत्सव में बीकानेर के पवन व्यास ने दुनिया की सबसे लंबी पगड़ी बांधने का रिकॉर्ड बनाया है।

राजस्थान के बीकानेर में आज अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की शुरुआत हुई। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने इसका आगाज किया। उत्सव में बीकानेर के पवन व्यास ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए दुनिया की सबसे लंबी पगड़ी बांधने का नया रिकॉर्ड बनाया है।
ऊंट उत्सव के उद्घाटन समारोह में पवन व्यास ने 2025 फीट लंबी पगड़ी बांधी। इस रिकार्ड को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। इससे पहले व्यास ने सबसे लंबी पगड़ी और सबसे छोटी पगड़ी बांधने का रिकॉर्ड बनाया था। पिछला रिकॉर्ड उन्होंने 1570 फीट लंबी पगड़ी बांधकर बनाया और आज इसे तोड़ते हुए 2025 फीट यानी 81 साफों के बराबर लंबाई में यह पगड़ी बांधी गई। इसका वजन 33 किलो रहा।
पवन व्यास ने बताया कि सबसे छोटी पगड़ी बांधने के बाद ही उन्हें सबसे लंबी कपड़े की पगड़ी बांधने का विचार आया। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि, निगम के आयुक्त मयंक मनीष और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।
ऊंट उत्सव तीन दिन 12 जनवरी तक चलेगा। ऊंट उत्सव के आज पहले दिन लक्ष्मीनाथ मंदिर से लेकर रामपुरिया हवेली तक हेरिटेज वॉक निकाली गई। लक्ष्मीनाथ मंदिर से रवाना हुई इस हेरिटेज वॉक में ऊंटो, बग्गियों और रोबीलों का काफिला था। यह हेरिटेज वाक, चूड़ी बाजार, साग बाजार, मोहता चौक और आसानी चौक होते हुए रामपुरिया हवेली पहुंची। कल 11 जनवरी को राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र में ऊंटो की विभिन्न प्रतियोगिताएं होगी और अंतिम दिन रायसर में धोरों के बीच देसी-विदेशी सैलानी लुत्फ उठाएंगे।