नगर निकाय उपचुनाव में कांग्रेस का दबदबा
राजस्थान में नगर निकाय उपचुनाव संपन्न हुए। चार में कांग्रेस जीती तथा केवल एक जगह भाजपा ने जीत दर्ज की। एक वार्ड में भाजपा के बागी ने बाजी मारी।

प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के बाद गुरुवार को 9 जिलों में गुरूवार को नगर निकाय उपचुनाव संपन्न हुआ। इसका परिणाम शुक्रवार को घोषित हुआ। प्रदेश में बांसवाड़ा , चित्तौड़गढ़, दौसा, हनुमानगढ़, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर ग्रामीण, सवाई माधोपुर और सीकर में नगर निकाय उप-चुनाव हुए थे। इनमें से छह जिलों के उपचुनाव में से चार में कांग्रेस जीती तथा केवल एक जगह भाजपा ने जीत दर्ज की। एक वार्ड में भाजपा के बागी ने बाजी मारी।
बांसवाड़ा के कुशलगढ़ नगर पालिका वार्ड 17 के उपचुनाव में 88.83 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कांग्रेस से वाली बाई रावत और भाजपा से प्रमिला मईड़ा मैदान में थी। परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा। प्रमिला मईडा ने 184 मतों से जीत दर्ज की।
चित्तौड़गढ़ की कपासन नगर पालिका के वार्ड नंबर 17 में कांग्रेस प्रत्याशी तसनीम बानो और भाजपा प्रत्याशी रुबीना बानो के बीच सीधा मुकाबला था। यह सीट ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इस सीट पर कांग्रेस की तसनीम बानो 163 वोटों से जीतीं।
दौसा के वार्ड नंबर 17 के नगर परिषद उपचुनाव में गुरूवार को 71.55 फीसदी मतदान हुआ। यहां कुल 1199 मतदाताओं में से 858 ने मतदान किया। इस उपचुनाव में फिर से कांग्रेस को जीत मिली है। दीपक प्रजापत वार्ड पार्षद बने हैं।
झालावाड़ जिले में नगर परिषद के वार्ड 13 में कुल 65.81 फीसदी मतदाताओं ने वोट दिए। यहां जीत कांग्रेस प्रत्याशी नफीस खान ने खाते में दर्ज हुई। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी को 27 मतों से हराया। वार्ड 13 पार्षद मोहम्मद शफीक खान के निधन के बाद पद रिक्त हुआ था।
सवाईमाधोपुर जिले के नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 55 में हुए उपचुनाव में रोचक मुकाबला देखने को मिला। भाजपा के बागी जयप्रकाश सांमरिया ने जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी हरिबाबू जीनगर तीसरे नंबर पर रहे।
शेखावाटी संभाग के सीकर जिले के खास सीट रींगस की वार्ड-12 में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश कुमावत ने बाजी मारी। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुभाष कुमावत को 83 मतों से हराया।