सीएम, डिप्टी सीएम व वसुंधरा की चादरें चढाईं

आज दरगाह पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा , उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा तथा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से चादर पेश की गईं।

सीएम, डिप्टी सीएम व वसुंधरा की चादरें चढाईं

राजस्थान के अजमेर स्थित विश्वविख्यात ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर 813वें उर्स के मौके पर देशभर से श्रद्धालुओं और नेताओं का जमावड़ा हो रहा है। आज दरगाह पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा की ओर से चादर पेश की गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से उनकी चादर अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हामिद खान मेवाती ने पेश की। चादर के साथ सीएम का संदेश बुलंद दरवाजे से पढ़ा गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में अमन-चैन, शांति और भाईचारे का पैगाम है गरीब नवाज की पहचान। राजस्थान में गंगा-जमुना तहजीब बनी रहे, यही हमारी कामना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की भी दुआ मांगी।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा औऱ सीएम की चादरें आस्थाना शरीफ में उनके वकील खादिमों ने पेश कीं।

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से भी चादर पेश की गई। उनकी चादर अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मजीद मलिक कमांडो और मोर्चा के उपाध्यक्ष मुंसिफ अली खान लेकर पहुंचे। वसुंधरा राजे का संदेश भी बुलंद दरवाजे पर पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने प्रदेश में शांति और भाईचारे की कामना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य नेताओं की चादर पेशी ने इस बात को फिर से साबित किया कि राजस्थान में गंगा-जमुना तहजीब का महत्व कितना गहरा है। दरगाह में पीएम नरेन्द्र मोदी तथा अन्य केन्द्रीय मंत्रियों की चादरें पेश की गई हैं। दरगाह में मंदिर विवाद के बीच भाजपा नेताओं का चादर चढाना, इस वास्तविकता का संकेत देता है कि ख्वाजा गरीब नवाज की प्रसिद्धि निर्विवाद है। उनकी जियारत में राजनीति आड़े नहीं आ सकती।