आसानी से सीखी जा सकती हैं ये भाषाएं
दुनियाभर में बोली जाने वाली कुछ ऐसी भी भाषाएं हैं, जिन्हें आसानी से सीखा जा सकता है। इनमें वो भाषाएं शामिल हैं, जिनको अंग्रेजी बोलने वाले जल्दी सीख सकते हैं।

दुनियाभर में बोली जाने वाली कुछ ऐसी भी भाषाएं हैं, जिन्हें आसानी से सीखा जा सकता है। इनमें वो भाषाएं शामिल हैं, जिनको अंग्रेजी बोलने वाले जल्दी सीख सकते हैं। क्योंकि इन भाषाओं के शब्द अंग्रेजी से मिलते-जुलते हैं। कुछ शब्दों के अर्थ तो अंग्रेजी के समान ही हैं।
'फॉरेन सर्विस इंस्टीट्यूट' (एफएसआई) ने 'लैंग्वेज डिफिकल्टी रैंकिंग' तैयार की है, जिसके जरिए चलता है कि कौन सी भाषाएं सीखने में सबसे कठिन हैं और किन्हें आसानी से सीखा जा सकता है। इस रैंकिंग के हिसाब से दुनिया की टॉप-10 सबसे आसानी से सीखने वाली भाषाएं वो हैं, जिन्हें सीखने में अमूमन 23 से 24 हफ्ते का समय लगता है। ये भाषाएं हैं--
अफ्रीकान्स: 24 हफ्तों में सीखी जाने वाली इस भाषा को दुनियाभर में 84 लाख लोग बोलते हैं। मुख्यतौर पर अफ्रीकान्स दक्षिण अफ्रीका और नामिबिया में बोली जाती है।
डेनिश: यूरोप के देश डेनमार्क में डेनिश बोली जाती है। इस भाषा को बोलने वाले लोगों की संख्या 56 लाख है। ये नॉर्थ जर्मेनिक लैंग्वेज फैमिली से जुड़ी भाषा है।
डच: नीदरलैंड, सुरीनाम, फ्लैंडर्स, बेल्जियम और कुराकाओ में डच भाषा बोली जाती है। दुनियाभर में इस भाषा को बोलने वाले लोग 2.5 करोड़ हैं।
फ्रेंच: फ्रांस की आधिकारिक भाषा को सीखने में भी अमूमन 24 हफ्ते लगते हैं। फ्रांस के साथ-साथ कनाडा, लक्जमबर्ग समेत 27 देशों में 32.10 करोड़ लोग फ्रेंच बोलते हैं।
इटालियन: इटली, स्विट्जरलैंड और सैन मारिनो में इटालियन भाषा बोली जाती है। दुनियाभर में इटालियन बोलने वाले लोगों की संख्या 8.7 करोड़ है।
नॉर्विजियन: यूरोप के सबसे उन्नत देश नॉर्वे की आधिकारिक भाषा नॉर्विजियन है। इस भाषा को सिर्फ यहीं बोला जाता है और इसे बोलने वाले लोग 44 लाख हैं।
पुर्तगाली: पुर्तगाल और ब्राजील में पुर्तगाली भाषा का इस्तेमाल होता है। करीब 24 हफ्तों में सीखी जाने वाली इस भाषा को बोलने वाले लोगों की संख्या 23.4 करोड़ है।
रोमानियन: यूरोप के देश रोमानिया में रोमानियन भाषा बोली जाती है। इस भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या 2.5 करोड़ है।
स्पैनिश: दुनिया की सबसे लोकप्रिय भाषा को बोलने वाले लोगों की आबादी 54.8 करोड़ है। स्पेन, मैक्सिको, कोस्टा रिका समेत 19 देशों में ये भाषा बोली जाती है।
स्वीडिश: स्वीडन, फिनलैंड और एस्टोनिया में स्वीडिश भाषा बोली जाती है। दुनियाभर में इस भाषा को बोलने वाले लोगों की संख्या 1.04 करोड़ है।