कीलों पर पेट के बल लेटकर खाटूधाम की यात्रा
खाटू श्याम का एक भक्त कील लगे तख्त पर पेट के बल लेटकर 17 किमी की दंडी यात्रा कर रहा है। इसकी तस्वीरें देखकर लोग हैरान हैं।
खाटू श्याम का एक भक्त कील लगे तख्त पर पेट के बल लेटकर 17 किमी की दंडी यात्रा कर रहा है। इसकी तस्वीरें देखकर लोग हैरान हैं।
बाबा श्याम का यह भक्त अनोखे तरीके से कठिन यात्रा कर खाटूश्याम जी की ओर आगे बढ़ रहा है। हरियाणा में रोहतक के रहने वाले दिशांत कालरा अपनी मन्नत पूरी होने के बाद नुकीली कीलों लगे पटरे पर पेट के बल चलकर खाटू श्याम की दंडवत यात्रा कर रहे हैं।
श्याम भक्त दिशांत 17 किलोमीटर तक लोहे की कीलों पर पेट के बल लेटकर दंडवत यात्रा कर खाटू नगरी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचेंगे। दिशांत अकेले ही दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उनकी देखभाल के लिए एक भी व्यक्ति उनके साथ नहीं चल रहे हैं।
दिशांत कालरा गुरुवार को रोहतक से ट्रेन में बैठकर रींगस पहुंचे थे, जिसके बाद रींगस कस्बे स्थित प्राचीन श्याम मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने 17 किलोमीटर की कठिन दंडवत यात्रा की शुरुआत की। श्याम भक्त कालरा ने बताया कि बाबा श्याम से उन्होंने मन्नत मांगी थी।
मन्नत पूरी होने पर अब वह यह यात्रा कर रहे हैं। दिशांत कालरा पूरी रात लोहे की किलो पर पेट के बल लेटते हुए खाटूश्याम जी जाएंगे। इस कठिन यात्रा में उन्हें 40 से 48 घंटे से भी अधिक का समय लगेगा। कालरा की इसी यात्रा को देख लोग बाबा श्याम का स्मरण कर नतमस्तक होते नजर आ रहे हैं।