कुरुक्षेत्र में ‘महाभारत’: ब्राह्मण भिड़े, दो घायल
हरियाणा में कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित 1008 कुंडिया महायज्ञ में शनिवार को पंडितों के बीच ‘महाभारत’ देखने को मिली। यज्ञ में आए ब्राह्मणों के दो गुटों में झगड़ा हो गया और बाउंसरों ने फायरिंग कर दी।

हरियाणा में कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित 1008 कुंडिया महायज्ञ में शनिवार को पंडितों के बीच ‘महाभारत’ देखने को मिली। यज्ञ में आए ब्राह्मणों के दो गुटों में झगड़ा हो गया और बाउंसरों ने फायरिंग कर दी। घटना में एक ब्राह्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके जांघ पर गोली लगी है। एक अन्य का सिर फूटा है। घटना के पीछे बासी भोजन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। उधर, एक बाबा पर भी सवाल उठे हैं, जो कि अपने साथ सेना की ड्रेस में सिक्योरिटी गार्ड लेकर चलता है।
जानकारी के अनुसार यज्ञ में शामिल ब्राह्मणों को बासी भोजन परोसा गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। आज सुबह आयोजकों के सुरक्षा गार्डों और ब्राह्मणों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और गार्डों ने फायरिंग कर दी। हमले में लखनऊ से आए आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को गोली लग गई। घायल को तुरंत एसएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
केशव पार्क में 18 मार्च से 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ आरंभ हुआ था। इसमें देश भर से 1500 से ज्यादा ब्राह्मणों को बुलाया गया था। इन ब्राह्मणों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की। ब्राह्मणों का आरोप है कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उनको किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे थप्पड़ या डंडा मार देते थे। यह यज्ञ 27 मार्च तक चलना है। इसमें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत कई भाजपा नेता शिरकत कर चुके हैं।
स्वामी हरिओम ने 108 यज्ञ करवाने का संकल्प लिया हुआ है। कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में यह 102 वां महायज्ञ था। इससे पहले भी स्वामी हरिओम दो बार कुरुक्षेत्र के इसी केशव पार्क में यज्ञ कर चुके हैं। पूर्व में बरसात होने से यज्ञ कुंड डूब गए और जलधारा से विघ्न पड़ा था। दूसरे यज्ञ में अग्निकांड होने से विघ्न हुआ। वहीं, अब तीसरे यज्ञ में गोलीकांड से विघ्न पड़ गया।
विश्व कल्याण हेतु महायज्ञ करवाने का दावा करने वाले स्वामी हरिओम अपने साथ बाउंसर लेकर चलते हैं, जो भारतीय सेना की वर्दी में तैनात रहते हैं। कुरुक्षेत्र में स्वामी जी संघ से जुड़े शिक्षा विभाग में सेवारत एक कर्मचारी के निवास पर आकर रुकते हैं। यह कर्मचारी सरकारी सेवा में आने से पहले गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में अपनी सेवाएं दे चुका है।
एडिशनल एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि एक शख़्स को गोली लगी है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायल शख़्स खतरे से बाहर है। जो भी फायरिंग करने वाले आरोपी हैं, उसे जल्द ही पकड़ा जाएगा। इस मामले में जल्द ही मामला दर्ज करेंगे। फिलहाल मामला शांत हो गया है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार ने बताया कि महायज्ञ में दो पक्षों में आपस में कहासुनी हो गई थी। मुख्य बाबा के अंगरक्षक ने दो-तीन राउंड फायर किए हैं। विरोध स्वरूप लोगों ने सड़क पर जाम लगाया, जिसे खुलवा दिया गया है।