राहुल गांधी बोले—गुजरात में आधे कांग्रेसी भाजपा के साथ

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात कांग्रेस में दो तरह के नेता और कार्यकर्ता हैं। उनमें से आधे लोग भाजपा के साथ हैं।

राहुल गांधी बोले—गुजरात में आधे कांग्रेसी भाजपा के साथ

गुजरात में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन पार्टी नेताओं को कड़े संदेश दिए। शनिवार को उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में नेताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मजबूत रणनीति बनाने पर जोर दिया, ताकि भाजपा को चुनौती दी जा सके।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी से उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को छांटने की जरूरत है, जो भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग तब तक कांग्रेस को वोट नहीं देंगे, जब तक पार्टी अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करती।

राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात के लोग एक नए दृष्टिकोण के लिए चिल्ला रहे हैं, क्योंकि भाजपा शासन के तीन दशकों से अधिक समय में उन्हें जो दृष्टिकोण दिखाया गया था, वह विफल हो गया है। राज्य आगे का रास्ता नहीं देख पा रहा है और कांग्रेस उसे रास्ता दिखाने में असमर्थ हो रही है

कांग्रेस सांसद ने कहा, गुजरात कांग्रेस में दो तरह के नेता और कार्यकर्ता हैं। एक वे हैं जो लोगों के प्रति ईमानदार हैं, उनके लिए लड़ते हैं, उनका सम्मान करते हैं और उनके दिल में कांग्रेस की विचारधारा है। दूसरे वे हैं जो लोगों से कटे हुए हैं, उनका सम्मान नहीं करते और उनमें से आधे लोग भाजपा के साथ हैं।