सलमान ने भतीजे अरहान को हिंदी न बोलने पर फटकारा

बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने अपने भतीजे अरहान खान और उसके दोस्तों को एक पॉडकास्ट  में हिंदी न बोलने के लिए फटकारा।

सलमान ने भतीजे अरहान को हिंदी न बोलने पर फटकारा

बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने अपने भतीजे अरहान खान और उसके दोस्तों को एक पॉडकास्ट  में हिंदी न बोलने के लिए फटकारा। सलमान ने कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि उन्हें ठीक से हिंदी बोलनी नहीं आती है। ये एपिसोड साल 2024 में शूट हुआ था, लेकिन इसे अब रिलीज किया गया है।

मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान के लाडले अरहान खान ने साल 2024 में अपना खुद का पॉडकास्ट शुरू किया था। पिछले हफ्ते उन्होंने चाचा सलमान और खान परिवार के युवा सदस्यों के साथ एक टीजर जारी किया। चूंकि सभी अंग्रेजी भाषा में बात कर रहे थे, इसलिए सलमान ने अरहान और उनके दोस्तों को टोका और कहा, पहले तो आप ये सब हिंदी में करो। अरहान ने हंसते हुए जवाब दिया, इन सबको हिंदी नहीं आती।

इस पर अरहान का एक दोस्त कहता है, हिंदी बहुत खराब है। सलमान मजाक में अपने शब्दों को दोहराते हैं और कहते हैं, अब से हिंदी में बात करना और मैं इसे सही कर दूंगा। अरहान हंसते हुए बताते हैं कि उन्हें हिंदी की क्लास मिल रही है। फिर वे कहते हैं कि अब भाषा की बंदिश होने जा रही है। इस पर सलमान उन्हें डांटते हुए कहते हैं, आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए कि आप हिंदी नहीं जानते। आपको उन दर्शकों को ध्यान में रखना चाहिए, जो पूरी तरह से हिंदी बोलते हैं। लेकिन आप यह अपने लिए कर रहे हैं, है न, और किसी को दिखाने के लिए नहीं?

जब अरहान और उनके दोस्त हिचकिचाते हैं तो सलमान पूछते हैं, क्या आप इससे (पॉडकास्ट से) पैसा कमाएंगे? इसके बाद सलमान अपने भतीजे और उनके दोस्तों को उनके करियर पर सलाह देते हैं।