सनोज मिश्रा पर रेप की आरोपी निकली लुटेरी दुल्हन
बॉलीवुड फ़िल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली पूजा मिश्रा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पूजा मिश्रा एक लूटेरी दुल्हन है।

प्रयागराज कुंभ मेला फेम मोनालिसा को सुर्खियों में लाने वाले बॉलीवुड फ़िल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली पूजा मिश्रा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि पूजा मिश्रा एक लूटेरी दुल्हन है और उस पर पिछले साल एक मामला दर्ज हुआ था। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट के कुड़ी थाना ने साल 2024 के एक ऐसे ही मामले में उसे गिरफ्तार किया है। उसे उत्तर प्रदेश के झांसी से पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार पूजा मिश्रा ने एक शख्स से शादी की थी, जहां से गहने और नगदी लेकर फरार हो गई। उसका नाम असल में भी पूजा मिश्रा नहीं है। जोधपुर के झालामंड क्षेत्र निवासी युवक का आरोप है कि पूजा मिश्रा ने दलाल के साथ मिलकर गलत नाम पता बताया और उसे झांसे में लेकर शादी की। फिर उसके गहने और नगदी लूटकर लेकर फरार हो गई।
सनोज मिश्रा पर बलात्कार का आरोप लगाने के बाद पूजा मिश्रा चर्चा में आई थी। सनोज पर आरोप लगाना और बयानबाजी करना इस लुटरी दुल्हन को भारी पड़ गया। सनोज मिश्रा से जुड़े मामले में जब पूजा ने एक यूट्यूब चैनल पर बयान दिया तो जोधपुर के झालामंड निवासी पीड़ित युवक ने उस इंटरव्यू को देखा और उसे पहचान लिया।
इसके बाद युवक सीधा थाने आया और इस इंटरव्यू के लिंक थानाधिकारी को दिखाया तो उन्हें भी पहले तो यह मामला समझ नहीं आया। क्योंकि वह जब जोधपुर दुल्हन बनकर आई थी, तब उसने अपने नाम, पते और दस्तावेज सबके सब फर्जी बताए थे। लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो आज यह लुटेरी दुल्हन न केवल सलाखों के पीछे है, बल्कि इसका वह सच समाने आ चुका है कि कैसे पैसे के लिए इसने किसी एक मासूम परिवार को लुटेरी दुल्हन बनकर लूट लिया।
अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर अब तक पूजा ने कितने शिकार बनाए है और लूटेरी दुल्हन बनकर कितनो को लूटा है।
फ़िल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा के मामले में उनकी सह डायरेक्ट होने का दावा करने वाली और उन पर बलात्कार का आरोप लगाकर उन्हें जेल पहुंचा देने वाली पूजा मिश्रा के कई नाम और कई ठिकाने पता चले हैं। उसने नमी मिश्रा मधुबनी बिहार की पहचान बनाकर जोधपुर में 10 सितंबर 2024 में शादी की थी। पूजा मिश्रा बनकर उसने सनोज मिश्रा पर मार्च 2025 दिल्ली में बलात्कार का आरोप लगाया था। असल में यह उत्तर प्रदेश के झांसी शहर निवासी है और आधार कार्ड में इसका नाम पूजा देवी है।
जोधपुर के झालामंड निवासी देवाराम प्रजापत ने बताया कि उसकी शादी 2024 में नमी मिश्रा से एक दलाल विमला देवी के मार्फ़त हुई। दलाल ने शादी के लिए 2 लाख 73 हजार रुपए लिए। शादी होने के बाद 8 दिन साथ रही थी। उसके बाद घर से गहने लेकर फरार हो गई। घर से जाने से पहले उसने मोबाइल को तोड़ दिया था। देवाराम उसे लगातार तलाश करता रहा, वह नहीं मिली। एक दिन वह रील देख रहा था। उसमें सनोज मिश्रा की रेप पीड़िता का वीडियो देखा तो उसकी पहचान कर ली।
बता दें सनोज मिश्रा पर आरोप लगाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। वहीं पूजा मिश्रा ने बाद में उनके खिलाफ केस वापस ले लिया। पूजा ने उस वक्त कहा था कि उसे केस करने के लिए भड़काया गया था।