तिरंगे से पसीना पोंछते दिखे भाजपा विधायक

राजस्थान भाजपा ने गुरुवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जयपुर के हवामहल क्षेत्र के भाजपा विधायक बालमुंकुंदाचार्य तिरंगे से अपना पसीना पोंछते नजर आए।

तिरंगे से पसीना पोंछते दिखे भाजपा विधायक

ऑपरेशन सिंदूरकी कामयाबी के बाद सेना के सम्मान में राजस्थान भाजपा ने गुरुवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अल्बर्ट हाल से यात्रा को रवाना किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल राठौड़ के नेतृत्व में यात्रा आगे बढ़ी, जो बड़ी चौपड़ पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान हर वर्ग-समुदाय और हर उम्र के लोग हाथ में तिरंगा लहराते हुए देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आए। भारत माता की जयके नारे लगाते रहे। देशप्रेम से जुड़े गानों पर लोग नाचते-गाते चलते रहे। आमजन से लेकर व्यापारियों ने स्वागत में पुष्प वर्षा की। जौहरी बाजार में जामा मस्जिद के बाहर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पलक पावडे़ बिछाए। यात्रा में कई मंत्री, विधायक, सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

इन्हीं में जयपुर के हवामहल क्षेत्र के भाजपा विधायक बालमुंकुंदाचार्य भी थे, जिन्होंने एक नए विवाद में घिर गए। यात्रा के दौरान वह तिरंगे से अपना पसीना पोंछते नजर आए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों के साथ कांग्रेस ने भी सरकार व भाजपा से विधायक के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की।

इससे पहले भी विधायक बालमुकुंदाचार्य कई तरह के विवादों में फंसते रहे है। हाल ही में उनके खिलाफ मस्जिद में घुसने और नारेबाजी करने के मामले में एफआइआर दर्ज की गई थी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा फटकारे जाने के बाद उन्होंने खेद व्यक्त किया।

तिरंगा से पसीना पोंछने पर विधायक ने सफाई दी कि यह तिरंगा नहीं, बल्कि सफेद और हरे रंग का रेशमी रूमाल था, जो एक कार्यकर्ता ने उन्हें दिया था। उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, तिरंगा यात्रा ने इतिहास रच दिया, इसलिए वे इस तरह का वीडियो वायरल कर रहे हैं।