सोनू निगम ने पद्म पुरस्कारों पर उठाए सवाल
बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने पद्म पुरस्कार 2025 को लेकर निराशा जाहिर की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि किशोर कुमार, अलका याग्निक, श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसे गायकों को अब तक कोई भी पद्म सम्मान क्यों नहीं दिया गया है।

बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने पद्म पुरस्कार 2025 को लेकर निराशा जाहिर की है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर सवाल उठाया है कि किशोर कुमार, अलका याग्निक, श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसे गायकों को अब तक कोई भी पद्म सम्मान क्यों नहीं दिया गया है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में सोनू ने कहा है कि ये वो सिंगर्स हैं, जो सभी के लिए प्रेरणा हैं और इसलिए उनकी प्रतिभा को पहचाना जाना चाहिए।
वीडियो में सोनू निगम कहते हैं, दो ऐसे गायक हैं जिन्होंने पूरी दुनिया के गायकों को प्रेरित किया है। एक को तो हमने पद्मश्री पे ही सिमतटा दिया है, वो हैं मोहम्मद रफी साहब। और एक हैं जिनको पद्मश्री भी नसीब नहीं हुआ है, वो हैं किशोर कुमार जी। मरणोपरांत तो पुरस्कार मिल रहे हैं ना।
सोनू निगम ने आगे कहा, और जो हैं भी, उनमें से अलका याग्निक जी, इतना लंबा और कमाल का करियर रहा है, उन्हें कुछ नहीं मिला अभी तक। श्रेया घोषाल, बहुत समय से अपनी कला का लोहा मनवा रही है। उनको भी मिलना चाहिए। सुनिधि चौहान ने भी एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है अपनी अलग सी आवाज से, उन्हें भी कुछ नहीं मिला अभी तक।
वीडियो के आखिर में सिंगर ने अपने फैंस से उन लोगों के नाम बताने को भी कहा जिन्हें अभी तक पद्म पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है, पर मिलना चाहिए। फिर चाहे वह संगीत की दुनिया से हो, अभिनय की दुनिया से, विज्ञान से या साहित्य के क्षेत्र से। सोनू निगम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम प्रोफाइल से वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'भारत और इसके लंबित पद्म पुरस्कार विजेता।'
सोनू निगम को 2022 में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। सोनू निगम बॉलीवुड के प्रतिष्ठित सिंगर्स में हैं। उन्होंने अपने करियर में 10 हजार से अधिक गाने गाए हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा कन्नड़, ओडिया, बंगाली, गुजराती, तमिल, तेलुगू, मलयालम, मराठी, नेपाली, भोजपुरी सिनेमा और संगीत की दुनिया को भी अपनी आवाज से सजाया है।