28% महिला सांसद-विधायकों पर आपराधिक मामले
देश भर में 28 प्रतिशत यानी कुल 143 महिला विधायकों और सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। लोकसभा की 24 महिला सांसद, राज्यसभा की 10 तथा 109 महिला विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

भारत में केवल पुरुष नेता ही आपराधिक मामलों में लिप्त हैं, महिला नेत्रियां भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। यह खुलासा एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म) की ताजा रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार देश भर में 28 प्रतिशत यानी कुल 143 महिला विधायकों और सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। वहीं, कुल 17 महिला सांसद और विधायक हैं, जिन्होंने खुद को अरबपति घोषित किया है। इन अरबपति सांसदों और विधायकों में लोकसभा की छह औऱ राज्यसभा की तीन सांसद हैं। राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं की 400 महिला विधायकों में से आठ अरबपति हैं।
रिपोर्ट के अनुसार देश में कुल 513 महिला सांसद और विधायक हैं, जिसमें से 512 ने हलफनामे पेश किए हैं। आपराधिक मामलों में लोकसभा की 24 महिला सांसद, राज्यसभा की 10 तथा 109 महिला विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इसके अलावा, 78 महिला सांसदों व विधायकों पर हत्या के प्रयास और हत्या जैसे गंभीर आपराधिक आरोप भी दर्ज हैं।
पार्टी के हिसाब से, भाजपा में सबसे अधिक 217 महिला सांसद-विधायक हैं, जिनमें से 23 प्रतिशत पर आपराधिक मामले हैं और 11 प्रतिशत पर गंभीर आरोप हैं। कांग्रेस की 83 महिला विधि निर्मातओं में से 34 प्रतिशत पर आपराधिक मामले तथा 20 प्रतिशत पर गंभीर आरोप हैं। इसी प्रकार तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) की 20 महिला विधि निर्मातओं में से 65 प्रतिशत पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 45 प्रतिशत पर गंभीर मामले दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी (आप) की 13 महिला विधायकों में से 69 प्रतिशत पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 31 प्रतिशत पर गंभीर आरोप हैं।
रिपोर्ट के अनुसार 512 महिला सांसदों और विधायकों की कुल घोषित संपत्ति 10,417 करोड़ रुपये है, इस तरह प्रत्येक की औसत संपत्ति 20.34 करोड़ रुपये है।
महिला सांसदों में विधायकों 71 प्रतिशत स्नातक हैं या उच्च डिग्री रखती हैं। लगभग 24 प्रतिशत ने कक्षा 5 से 12 तक पढ़ाई की है, जबकि 12 महिला विधायकों के पास डिप्लोमा है। अन्य 12 ने खुद को केवल साक्षर बताया है।