अजमेर में फॉयसागर से भी होगी जलापूर्ति

अजमेर में फॉयसागर से भी होगी जलापूर्ति

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की सख्ती के बाद जलदाय विभाग ने अजमेर में फॉयसागर झील से मीठे पानी की आपूर्ति की तैयारी शुरू कर दी है। गुरूवार को देवनानी ने स्वयं फॉयसागर रोड़ स्थित फिल्टर प्लांट पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि अजमेर में नियमित जलापूर्ति और गर्मियों से पहले सम्पूर्ण पेयजल प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें कोताही नही होनी चाहिए।

देवनानी ने ने अजमेर शहर एवं अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए बैठक ली। उन्होंने अजमेर में पेयजल आपूर्ति में तत्काल सुधार एवं दीर्घकालिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इससे पूर्व उन्होंने फॉयसागर रोड़ फिल्टर प्लांट जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि फॉयसागर से 3 एमएलडी पानी लिया जाएगा। इसे शहर में समान रूप से वितरित करने की व्यवस्था की जाएगी।

देवनानी ने अधिकारियों से कहा कि जलापूर्ति में तत्काल सुधार के साथ ही भविष्य को देखते हुए योजना तैयार की जाए। इसके लिए अमृत योजना- फेज द्वितीय के तहत पूर्व में तैयार किये गये प्रस्तावों को पुनः तैयार किया जाए और उन्हें शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप पुनः डिजाइन किय जाए।

देवनानी ने निर्देश दिए कि ग्राम लोहागल व माकड़वाली सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लम्बे अंतराल से पेयजल आपूर्ति हो रही है। इसके कारणों को चिन्हित कर जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को जानकारी दी कि वर्ष 2010 तक फॉयसागर झील से उपलब्धता के अनुरूप प्रतिदिन 10 से 15 घण्टे जल वितरण किया जा रहा था। बीसलपुर द्वितीय फेज प्रारम्भ होने के बाद फॉयसागर के जल का पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोग नही हो पाया। अब फिल्टर प्लांट से आठ महिने के लिए 8 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा सकती है। झील से फिल्टर प्लांट तक पाइप लाइन की हाईड्रो टेस्टिंग की जा रही है। इसी तरह शहर के प्रमुख कुएं व बावडियों से भी जलापूर्ति के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे है।