अरबी को समझा कुरान की आयतें, महिला बुरी फंसी
पाकिस्तान में एक महिला को भीड़ ने इसलिए घेर लिया, क्योंकि उसने अरबी भाषा के प्रिंट वाला कुर्ता पहना हुआ था। महिला पर ईशनिंदा का आरोप लगाया गया। वह अपने पति के साथ अरबी प्रिंट वाला कुर्ता पहनकर लाहौर के एक रेस्तरां में गई थीं, जहां कुछ लोगों ने उसे कुरान की आयतें समझ लिया। वहां मौजूद लोगों ने महिला को कुर्ता उतारने के लिए कहा, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने महिला को बचाया। पुलिस द्वारा शेयर किए वीडियो में महिला हाथों से चेहरा छिपाए दिख रही है। लोग उसे घेर कर नारे लगा रहे हैं।
पुलिस ने उस महिला अधिकारी की भी सराहना की जिसने भीड़ को शांत करने की कोशिश की और महिला को रेस्तरां से बाहर निकाला। महिला पुलिस की काबिलियत पर पाकिस्तान पुलिस ने कायद-ए-आजम पुलिस पदक देने की सिफारिश की है।
वीडियो में पुलिस अधिकारी सैयदा शहरबानो नकवी भीड़ से किसी भी तरह की हिंसा न करने की अपील करती नजर आ रही हैं। नकवी ने कहा कि महिला अपने पति के साथ खरीदारी के लिए गई थी। उसने एक कुर्ता पहना था, जिस पर कुछ शब्द लिखे थे। जब कुछ लोगों ने इसे देखा तो उन्होंने महिला को कुर्ता उतारने के लिए कहा।
बाद में महिला को पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी। महिला ने कहा, किसी की धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का मेरा कोई इरादा नहीं था। मैंने कुर्ता सिर्फ इसलिए खरीदा था, क्योंकि उसका डिजाइन अच्छा था।