वेटिकन व मक्का से भी ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे अयोध्या

बीते 2 महीने में लगभग एक करोड़ से ज्यादा लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं। पूरी दुनिया में इतनी बड़ी संख्या में किसी भी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालु नहीं पहुंचते हैं। ईसाइयों के सबसे बड़े धार्मिक स्थल वेटिकन सिटी में साल भर में करीब 90 लाख लोग आते हैं, जबकि मुसलमानों के सबसे बड़े पवित्र स्थान मक्का में पिछले पूरे साल एक करोड़ 35 लाख पहुंचे थे।

वेटिकन व मक्का से भी ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे अयोध्या

देश के राम भक्त, रामनगरी में इन दिनों बड़ी तादाद में पहुंच रहे हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार प्रतिदिन लगभग डेढ़ से दो लाख लोग रामलला का दर्शन करने अयोध्या पहुंच रहे हैं। अवकाश के दिनों में यह संख्या कई गुना बढ़ जा रही है। इसके साथ ही तीज त्यौहार उत्सव पर भी विशेष भीड़ देखने को मिल रही है। राम मंदिर की वजह से अयोध्या विश्व के मानचित्र पर स्थापित हो गया है।

रामलला 22 जनवरी को राम मंदिर में विराजमान हुएे। इसके बाद से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु रामनगरी पहुंच रहे हैं। बीते 2 महीने में लगभग एक करोड़ से ज्यादा लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं। पूरी दुनिया में इतनी बड़ी संख्या में किसी भी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालु नहीं पहुंचते हैं। ईसाइयों के सबसे बड़े धार्मिक स्थल वेटिकन सिटी में साल भर में करीब 90 लाख लोग आते हैं, जबकि मुसलमानों के सबसे बड़े पवित्र स्थान मक्का में पिछले पूरे साल एक करोड़ 35 लाख पहुंचे थे।

पर्यटन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि अयोध्या में पर्यटन का लगातार विकास हो रहा है। शुरुआती दिनों में राम भक्तों की संख्या चार लाख से ढाई लाख तक थी। वर्तमान में एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु प्रतिदिन रामलला का दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या आध्यात्मिक राजधानी बन चुका है। अयोध्या में राम भक्तों की आमद इस कदर है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के वजह से सभी होटल फुल रहते है। अयोध्या में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है। विदेशी नागरिकों का भी आगमन शुरू हो गया है।

राम मंदिर ट्रस्ट के कैंप कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने दावा करते हुए कहा कि अगर सरकारी आंकड़ों की मानी जाए तो लगभग एक करोड़ 25 लाख से ज्यादा राम भक्तों ने रामलला के दर्शन किए हैं। गुप्ता ने कहा कि मक्का मदीना में केवल हज के वक्त ही लोग जाते हैं, वहीं क्रिश्चियन के धार्मिक स्थल पर भी विशेष पर्व पर ही लोग जाते हैं।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर में राम भक्तों की गिनती टेक्नोलॉजी के आधार पर की जाती है। सीसीटीवी कैमरे में कई सॉफ्टवेयर लगाए गए हैं, जिसके माध्यम से आंकड़ों की गिनती की जाती है। प्रतिदिन 14 घंटे राम भक्त रामलला का दर्शन राम मंदिर में करते हैं। रोजाना सवा से डेढ़ लाख लोग आ रहे हैं। एक सामान्य रामभक्त को दर्शन पूजन करने में एक घंटा का समय लगता है। राय के अनुसार 48 दिनों में लगभग एक से सवा करोड़ राम भक्तों ने दर्शन पूजन किया है।