चीनी कागज पर हूबहू छापे 500 के नोट

चीनी कागज पर हूबहू छापे 500 के नोट

महाराष्ट्र के पुणे शहर के पास नकली नोट छापने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ हैजानकारी के अनुसार पिंपरी-चिंचवड शहर में कई महीने से 500 रुपये के हबह नोट छापने का काम चल रहा था। जाली नोट छापने के लिए पेपर चीन से ऑनलाइन मंगवाए गए थे।

पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नकली नोट ऑफसेट मशीन की मदद से छाप रहे थे। इन्हें बेचने के दौरान गिरोह का पर्दाफाश हो गया। देहुर रोड पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने चीन से ऑनलाइन कागज मंगवाया था और उस पर नकली भारतीय करेंसी नोट छापते थे। छापेमारी में 70 हजार के नकली नोट बरामद हुए है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक चंद्रमणि खडसे (उम्र 22), सूरज श्रीराम यादव (उम्र 41), आकाश विराज धंगेकर (उम्र 22), सुयोग दिनकर सालुंखे (उम्र 33), तेजस सुकदेव बल्लाल (उम्र 19) और प्रणव सुनील गवने (उम्र 30) के तौर पर हुई है। आरोपी रितिक ने आईटी में डिप्लोमा किया हुआ है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। आरोपी ने प्रिंटिंग व्यवसाय चलाने के लिए पुणे के दिघी इलाके में एक दुकान किराए पर ली थी। इसके बाद एक पुरानी प्रिंटिंग मशीन खरीदी, लेकिन प्रिंटिंग का काम नहीं मिला और बड़ा घाटा होने लगा। हालत यह हो गए कि दुकान का किराया भी निकलना मुश्किल हो गया। अन्य खर्चों का भी बोझ बढ़ता जा रहा था।

इस बीच आरोपी सूरज ने उसे नकली नोट छापने की सलाह दी। उसे नोटों को डिजाइन करना भी आता था। इसके बाद दोनों ने जाली नोट छापना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार अलीबाबा वेबसाइट से तेजस के पते पर चीन से पेपर ऑर्डर किया गया। दो लाख नकली नोट छापने के लिए आरोपियों ने खास कागज चीन से मंगवाया। उसके बाद 500 रुपये के 70 हजार मूल्य के नकली नोट छापे गए। पुलिस ने नकली नोट, प्रिंटिंग मशीन समेत 5 लाख 42 हजार रुपये की चीजें जब्त की है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने अब तक नोट सर्कुलेट किए हैं या नहीं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह की जड़ें कितनी गहरी हैं और गिरोह की मदद किसने की और उन्होंने हूबहू नोट कैसे तैयार किए। है।