प्रियंका बोलीं—बहकी-बहकी बातें कर रहे मोदी

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को प्रदेश के भीनमाल (जालोर) में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आजकल बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं।

प्रियंका बोलीं—बहकी-बहकी बातें कर रहे मोदी

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को प्रदेश के भीनमाल (जालोर) में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आजकल बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं। कभी गटर से गैस बनाते हैं, कभी बादल में मिसाइल छोड़ते हैं, कभी हवा में उड़ते हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि करना क्या है। इन बातों का आपके जीवन में क्या मतलब है, जो सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी है, उस पर कोई बात नहीं करता। भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं लड़ रही उसके दावे खोखले हैं, वह केवल विपक्ष का मुंह बंद करना चाहती है

 

प्रियंका ने कहा कि चुनाव का समय हिसाब लेने का होता है। राजस्थान में हो सकता है आपको गहलोत सरकार से थोड़ा गिला शिकवा हो, इसलिए आपने सरकार बदल दी। हालांकि इसके बाद क्या हुआ, आपने देखा जो स्कीमें कांग्रेस सरकार ने शुरू की थीं, उसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। कांग्रेस सरकार के समय जनता को 25 लाख की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रहीं थीं, जिसे भाजपा सरकार ने आते ही बंद कर दिया। आज राजस्थान की भाजपा सरकार जनता के हित में काम नहीं कर रही है। अब देश का चुनाव है, इसलिए आपको सोच समझ कर वोट करना होगा। आज चुनाव के वक्त देश में अजीब माहौल बन गया है, जनता के ध्यान के भटकाने वाली बातें हो रही हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, मुझे लगता है कि पीएम मोदी को कुछ हो गया है, वो समझ नहीं पा रहे हैं। अधिकारी पीएम को सच्चाई बताने से डर रहे हैं। ऐसा लगता है कि पीएम मोदी देश की जनता से कट चुके हैं। आज पिछले 45 सालों में महंगाई दर सबसे ज्यादा है और ये मोदी सरकार की देन है। मोदी सरकार को हमेशा ही चुनावों के वक्त सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतें याद आती हैं। आज ऐसे हालात हो चुके हैं कि लोगों को बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए जमीन बेचनी पड़ रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले सामान महंगे हो चुके हैं। किसान आंदोलन पर प्रियंका गांधी ने कहा कि कड़ाके की ठंड में किसान सड़कों पर बैठ रहे, लेकिन पीएम मोदी ने सुनवाई नहीं की। हालांकि जैसे ही यूपी के चुनाव नजदीक आए, सरकार ने काले कानूनों को वापस ले लिया।

सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ये हमारी स्कीम्स बंद कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम ऐसा नहीं होने देंगे। राजस्थान की भाजपा सरकार कोई काम नहीं कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मोदी सरकार को 3650 दिन दे दिए, लेकिन एक भी काम इन्होंने ढंग से नहीं किए हैं। जालोर-सिरोही से कांग्रेस ने अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने लुंबाराम चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है।