भारत की एक और लड़की पहुंची पाक, फेसबुक फ्रेंड से किया निकाह

भारत की एक लड़की पाकिस्तान के फैसलाबाद पहुंची, जहां उसने निकाह कर लिया। इससे पहले भारत की रहने वाली अंजू का मामला सामने आया था।

भारत की एक और लड़की पहुंची पाक, फेसबुक फ्रेंड से किया निकाह

भारत की एक और लड़की पाकिस्तान के फैसलाबाद पहुंच गई, जहां उसने निकाह कर लिया। इससे पहले भारत की रहने वाली अंजू का मामला सामने आया था। अंजू वीजा लेकर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा पहुंची थीं। वहां उसने अपने फेसबुक प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह कर लिया था। फिलहाल अंजू अब वापस भारत लौट आई हैं, लेकिन उसकी ही तरह की एक और कहानी पाकिस्तान से सामने आई है।

पाकिस्तान के 'डेली पाकिस्तान ग्लोबल' चैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लखनऊ की रहने वाली शादमा ने पाकिस्तान के फैसलाबाद के रहने वाले नबील से निकाह किया है। पाकिस्तानी चैनल से बातचीत में शादमा ने कहा कि वह लखनऊ के पास सीतापुर की रहने वाली हैं। उसने बताया कि लखनऊ की मीठी बोली पाकिस्तान में भी मशहूर है। जब पहली बार शादमा फैसलाबाद पहुंचीं तो उसका काफी मजाक बनाया गया, क्योंकि वह बातचीत में मैं की जगह 'हम' का इस्तेमाल करती थीं।

नबील ने भी अपनी लवस्टोरी के लिए फेसबुक को ही वजह बताया। नबील ने कहा कि उनका परिवार दोनों के अलग-अलग देश का होने के कारण खुश नहीं था। शादमा ने वीजा पाने की मुश्किलों के बारे में बताया। उसने कहा कि वीजा के लिए पूरी रात लाइन लगती है। वह भी रात में लाइन में ही रहीं और सुबह एंट्री मिल सकी। शादमा ने कहा कि उसके सास ससुर उन्हें बहुत प्यार करते हैं।

शादमा ने आगे कहा कि जब लोगों को पता चलता है कि वह भारत से हैं तो उन्हें काफी सम्मान मिलता है। एक घटना का जिक्र करते हुए उसने कहा कि कपड़े की दुकान पर उसे 10 हजार से ज्यादा की छूट इस बात पर दी गई, क्योंकि वह भारत से हैं। पाकिस्तान की सीमा हैदर भी अपने प्रेमी सचिन के लिए भारत आई हैं। वहीं पिछले साल पाकिस्तान के कराची की रहने वाली जावेरिया खानम ने कोलकाता के रहने वाले समीर से निकाह किया था।