गहलोत के 'खास' देवाराम का फिर तबादला

गहलोत के 'खास' देवाराम का फिर तबादला

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लगभग 15 साल तक विशेषाधिकारी रहे राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) अधिकारी डॉ देवाराम सैनी का एक महीने के भीतर दूसरी बार तबादला हुआ है। कार्मिक विभाग द्वारा मंगलवार देर रात जारी हुई 165 आरएएस अफसरों की तबादला सूची में डॉ देवाराम सैनी का भी नाम शामिल है। उन्हें अब कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर में रजिस्ट्रार लगाया गया है।

भजनलाल सरकार ने इसी महीने 2 तारीख को 39 आरएएस अफसरों की तबादला सूची जारी की थी। उस सूची में देवाराम सैनी को बांसवाड़ा में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के पद पर लगाया गया था। मगर अब उनको बांसवाड़ा से निकलकर बीकानेर जाना होगा।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद
से ही पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कई अफसरों को इधर-उधर करने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर शुरू हुई, जो आज तक जारी है। सरकार बदलते ही 31 आरएएस अफसरों को तुरंत प्रभाव से एपीओ करके उन्हें स्थानांतरण के इंतज़ार में रखा गया। इनमें डॉ देवाराम सैनी सहित पूर्व सीएम रहे अशोक गहलोत के 'खासम-ख़ास' ज़्यादातर आरएएस अधिकारी शामिल थे