हिमाचल में सियासी उठापटक खत्म, सुक्खू नहीं हटेंगे

हिमाचल में सियासी उठापटक खत्म, सुक्खू नहीं हटेंगे

हिमाचल में जारी सियासी उथलपुथल का पटाक्षेप होता नजर आ रहा है। कांग्रेस पार्टी आलाकमान की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में भेजे गए पार्टी नेता डीके शिवकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हिमाचल प्रदेश में बीते 3 दिन से चल रही सियासी उठापटक अब खत्म हो गई है 

शिमला (Shimla) में सीएम आवास पर सीएम, कांग्रेस विधायक, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, ऑब्जर्वर, प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह के बीच बैठक के बाद यह साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। डीके शिवकुमार ने कहा कि सीएम और प्रतिभा सिंह से बात की गई है और सारे मतभेद दूर हुए हैं। हम सब मिलकर काम करेंगे। पार्टी संगठन में समन्वय के लिए कॉर्डिनेशन कमेटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां पर ऑपरेशन लोटस नहीं चलेगा। भाजपा अनैतिक तरीकों का इस्तेमाल कर रही थी। ऑब्जर्वर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी सीट खोने से दुख हुआ है। आज सभी विधायकों से अलग-अलग बात की और सभी के छोटे-छोटे मतभेद थे, वो सब दूर किए गए हैं। साथ ही 6 सदस्यीय कॉर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है। सीएम, डिप्टी सीएम, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष, तीन मंत्री कमेटी में शामिल किए जाएंगे। हुड्डा ने कहा कि सुक्खू सीएम बने रहेंगे। कोई बदलाव नहीं होगा और कांग्रेस सरकार 5 साल चलेगी।

 

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा अपना समय बर्बाद कर रही है। बागी विधायक जनता का सामना नहीं कर पाएंगे। भाजपा उन्हें चुराकर लेकर गईं। कांग्रेस सरकार पांच साल चलेगी। सीएम ने इस दौरान बड़ा बयान दिया कि सभी अपने छोटे भाई हैं और कुछ तो बड़े भाई हैं। उनके टेलिफोन भी नहीं लग रहे है। पता नहीं कहां हैं। कहीं हरियाणा में रह रहे हैं। 6 विधायक चले गए हैं। इसमें मेरी कमी रही होगी। साथ में इंटेलिजेंस की भी कमी रही।  दो विधायकों की पत्नियां मुझसे मिलने आई थी।

सीएम की बात को हुड्डा और डीके शिवकुमार ने काट दिया। शिवकुमार ने कहा कि अनुशानहीना हुई है। सभी एकजुट हैं। सभी एकसाथ मिलकर काम करेंगे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमें दुख है कि हम राज्यसभा प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को नहीं जिता पाए। अब अगली चुनौती लोकसभा चुनाव है। हमें चारों सीटों को जीतना है। आज से ही मेहनत करनी होगी। हमें काफी मेहनत की जरूरत है। पार्टी पहले भी मजबूत थी और अब भी मजबूत है। सभी मुद्दों पर बात हुई है। सरकार और सगंठन में तालमेल होना चाहिए।

इससे पहले, स्पीकर ने गुरुवार सुबह बागी कांग्रेस विधायकों की विधानसभा सदस्यता को रद्द कर दिया स्पीकर कुलदीप पठानिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी