भाजपा प्रत्याशी बनते ही झूमी कंगना

2024 लोकसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा से भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने पर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने खुशी व्यक्त की है।

भाजपा प्रत्याशी बनते ही झूमी कंगना

2024 लोकसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा से भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने पर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने होली के मौके पर कार्यकर्ताओं के साथ खुशी मनाई और रंगों के साथ होली खेली। इसके बाद अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें कंगना रनौत ने लिखा, मेरी प्यारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमेशा बिन शर्त समर्थन दिया है। आज पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे मेरे जन्म स्थान हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा से प्रत्याशी बनाया है। मैं हाई कमांड के आदेश का पालन करूंगी। मैं आधिकारिक तौर पर पार्टी के शामिल होकर काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं एक योग्य कार्यकर्ता और भरोसेमंद पब्लिक सर्वेंट बनने की आशा रखती हूं। शुक्रिया।

कंगना रनौत ने कुछ और तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह महिलाओं के साथ होली खेल रही हैं। एक तस्वीर पर कंगना रनौत ने लिखा, मेरे गांव की मिट्‌टी ने मुझे बुलाया है। मेरे देश ने मुझे अपनाया है। एक अन्य तस्वीर में कंगना रनौत ने हैप्पी होली लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। कंगना रनौत मूलत: मंडी जिल की रहने वाली हैं। वे मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के भांबला की रहने वाली हैं। 24 मार्च को भाजपा ने कंगना को मंडी से भाजपा का कैंडिडेट घोषित किया था। इसके बाद भाजपा पूर्व सांसद महेश्वर सिंह का दर्द छलका था उन्होंने कहा था भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में बड़े विद्वान, बुद्धिजीवी अनुभवी लोग हैं। उन्होंने सब कुछ देखकर ही कंगना को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने सर्वे भी किया है. ऐसे में हो सकता है कि सर्वे में कंगना शायद हमसे आगे है और हम कंगना से पीछे हैं।

कंगना के काफी समय से चुनाव लड़ने की अटकलें लग रही थीं। भाजपा ने पांचवीं सूची में फिल्म अभिनेत्री के टिकट का ऐलान किया है। अभी मंडी की सीट से कांग्रेस की नेता और हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सांसद हैं। वे पहले भी दो बाद वहां से सांसद रह चुकी हैं। कांग्रेस ने अभी इस सीट पर उम्मीदवार तय नहीं किया है। 2014 और 2019 में इस सीट पर भाजपा को जीत मिली थी। 2021 के उप उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह जीती थीं।