एक्टर ऋतुराज का निधन

एक्टर ऋतुराज का  निधन

टेलीविजन एक्टर ऋतुराज सिंह का निधन कार्डियक अरेस्ट से हो गया है। वे 59 वर्ष के थे। ऋतुराज ने तोल मोल के बोल शो के जरिये जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। उनका पूरा नाम ऋतुराज सिंह चंद्रावत सिसोदिया था। 

उनका जन्म राजस्थान के कोटा में हुआ। स्कूली शिक्षा दिल्ली में हुई और वो कम उम्र में ही अमेरिका चले गए थे। हालांकि 12 साल की उम्र में वे भारत लौट आए और 1993 में मुंबई पहुंच गए। उन्होंने दिल्ली में बैरी जॉन के थिएटर एक्शन ग्रुप के साथ 12 साल तक थिएटर किया।

ऋतुराज सिंह कई लोकप्रिय टीवी सीरियल में नजर आए थे, जिनमें तोल मोल के बोल, तहकीकात, बनेगी अपनी बात, कुटुम्ब, कहानी घर घर की, ज्योति, हिटलर दीदी, दीया और बाती हम, सतरंगी ससुराल, आहट, मेरी आवाज ही  पहचान है, त्रिदेवियां, लाडो 2- वीरपुर की मर्दानी,  ये रिश्ता क्या कहलाता है और अनुपमा शामिल हैं।

ऋतुराज सिंह फिल्मों की दुनिया में भी सक्रिय थे। वे बद्रीनाथ की दुलहनिया और सत्यमेव जयते में नजर आए थे। साउथ की फिल्म थुनिवू में भी उन्होंने काम किया था। उनकी आखिरी फिल्म यारियां 2 थी।