चेन लूटकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी महिला

जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में गुरुवार अलसुबह भृगुपथ पर वॉक कर रही महिला के गले पर झपट्टा मार बाइक सवार लुटेरे चेन तोड़ ले गए। महिला चेन बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ गई।

चेन लूटकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी महिला

जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में गुरुवार अलसुबह भृगुपथ पर वॉक कर रही महिला के गले पर झपट्टा मार बाइक सवार लुटेरे चेन तोड़ ले गए। महिला चेन बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ गई। इस दौरान एक लुटेरे ने गुलेल से महिला पर निशाना साधा। लुटेरे संख्या में तीन थे। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद महिला की हिम्मत जवाब दे गई और लुटेरे चेन ले भागने में सफल हो गए। जिस समय यह वारदात हुई उस दौरान पूरा घटनाक्रम आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार स्वर्ण पथ मानसरोवर में रहने वाली सोनू मीना सुबह 5 बजे भृगुपथ पर वॉक पर निकली थीं। सुबह 5.22 पर वॉक करने के दौरान एक बाइक पर तीन लुटेरे आए। एक बदमाश उतरा और सोनू के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद सोनू ने हिम्मत नहीं हारी और वह बदमाश से भिड़ गई। एक बार तो उसने चेन अपने कब्जे में ले भी ली।

सोनू बदमाश से चेन लेने के लिए गुत्थमगुत्था हो गई। इससे बदमाश एक बार तो घबरा गए। एक बदमाश ने जेब से गुलेल निकालकर महिला पर तान दी। इसके बाद भी सोनू डरी नही और बदमाशों से लड़ती रही। अंधेरा होने और तीन लोगों को देखकर काफी जद्दोजहद के बाद बदमाश चेन लूटकर भाग गए।