युवा कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, लाठीचार्ज

युवा कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, लाठीचार्ज

राजस्थान यूथ कांग्रेस के बैनर तले जयपुर में आज हुए एक प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को खदेड़ने और काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वाटर कैनन से कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने की कार्रवाई हुई। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

राजस्थान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता, युवा और किसानों की मांगों के समर्थन में और केंद्र-राज्य की 'डबल इंजन' सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करने के लिए आज जयपुर की सडकों पर विरोध प्रदर्शन करने उतरे थे। शहीद स्मारक पर एकजुट हुए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। उसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पैदल कूच करते कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे कई कार्यकर्ता चोटिल हो गए। कुछ घायलों को अस्पताल ले जाना पड़ गया।

कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं कुछ दूर बढ़े कि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसपर दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और ज़ोर-आज़माइश हुई। यूथ कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस प्रभारी मोहम्मद शाहिद, प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया और कांग्रेस विधायक मनीष यादव भी मौजूद रहे।