बर्गर में लोहे का टुकड़ा, खाने से सिंगर का दांत टूटा

बर्गर में लोहे का टुकड़ा, खाने से सिंगर का दांत टूटा

जयपुर में एक नामी बर्गर कंपनी के बर्गर में लोहे का टुकड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना बॉलीवुड सिंगर रविंद्र उपाध्याय के साथ हुई है उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर करके दो बर्गर मंगाए थे। एक बर्गर को खाने के दौरान उनके मूंह में लोहे का टुकड़ा आया। जोर से चबाने पर गायक का एक दांत भी टूट गया। उन्होंने कंपनी में शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह रविंद्र उपाध्याय ने फास्ट फूड चेन कंपनी बर्गर किंग से दो बर्गर ऑर्डर किए थे। ऑनलाइन फास्ट फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के जरिए ऑर्डर किया गया था। ऑर्डर के मुताबिक बताए गए स्थान पर बर्गर की डिलीवरी हो गई, लेकिन खाने के दौरान दांत के नीचे एक लोहे का टुकड़ा आ गया, जिससे रविंद्र का दांत टूट गया। बाद उन्हें प्लेट में निकालकर देखा को लोहे का एक बड़ा टुकड़ा नजर आया। बर्गर किंग के स्थानीय आउटलेट पर शिकायत करने पर माफी मांगते हुए दूसरा बर्गर भेजने की बात कही। इस पर रविंद्र उपाध्याय ने कहा कि आप बर्गर तो दूसरा दे सकते हो, लेकिन दांत नहीं दे सकते।

बर्गर से लोहे का टुकड़ा निकलने पर रविंद्र उपाध्याय ने उसका फोटो खींचा और कंपनी के इंस्टाग्राम आईडी पर शिकायत दर्ज कराई। रविंद्र के अनुसार 24 घंटे तक कंपनी की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। बाद में एक मैसेज आया, जिसमें कस्टमर की डिटेल, ऑर्डर नंबर और स्थानीय आउटलेट के बारे में जानकारी मांगी गई। इस मैसेज में कंपनी ने आश्वस्त किया कि वे इस मामले की जांच कराएंगे।

रविंद्र उपाध्याय ने जयपुर के गोपालपुरा रोड स्थित बर्गर किंग के आउटलेट से बर्गर ऑर्डर किए थे। उनके अनुसार एक बर्गर उनके बच्चों ने खाया, जबकि दूसरा बर्गर वे खा रहे थे। इसी दौरान दांत के नीचे लोहे का टुकड़ा आ गया। दांत में अजीब सा दर्द हुआ तो बाहर निकाल कर देखा। लोहे का टुकड़ा देखकर वे हैरान रह गए। रविंद्र ने कहा कि शुक्र है यह बर्गर बच्चों ने नहीं खाया वरना उनके मुंह को नुकसान पहुंच सकता था।

बर्गर किंग गोपालपुरा के मैनेजर रूपेश नैयर का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद हमने क्वालिटी एश्योरेंस इवेलुएटर टीम को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिए हैं। अभी तक कुछ भी संदिग्ध आईटम मिला नहीं है। रविंद्र उपाध्याय की ओर से जो शिकायत मिली है, उसके बाद उनसे संपर्क किया जा रहा है। जिस फूड में मेटल मिलने की शिकायत आई है, वह सैंपल मंगवा रहे हैं। जांच के बाद रिपोर्ट कंपनी को भेजी जाएगी।

जयपुर के रहने वाले रविंद्र उपाध्याय बॉलीवुड के जाने माने सिंगर हैं। वे शाहरुख खान और आमिर खान के लिए भी गाने गा चुके हैं। वह दर्जनों फिल्मों में अपनी आवाज दे चुके हैं और स्टेज शो भी करते हैं।