पूर्व विधायक बिधूडी के घऱ पत्थर फैंके
बेगूं के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी (Rajendra Singh Bidhuri) के घर पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके। इससे बिधूड़ी के घर के बाहर खड़ी गाड़ी और बालकनी का शीशा टूट गया। बिधूड़ी के निजी सचिव ने पुलिस थाना पहुंचकर अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार घटना रावतभाटा शहर के गणेश नगर स्थित पूर्व विधायक सिंह बिधूड़ी के घर की है। घटना शुक्रवार-शनिवार देर रात की बताई जा रही है। अज्ञात पत्थरबाज पूर्व विधायक के घर के बाहर पहुंचे और बाहर खड़ी गाड़ी के शीशे तोड़कर चले गए। कुछ देर बाद पत्थरबाज वापस बिधूड़ी के घर पहुंचे और बालकनी पर लगे शीशे पर पत्थर फेंके, जिससे बालकनी का शीशा टूट गया। इस दौरान बिधूड़ी के निजी सचिव शिवराज और तेजपाल घर के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन पत्थरबाजी के दौरान वे घर के बाहर नहीं निकल सके।
घटना के बाद निजी सचिव फूलचंद व शिवराज ने रावतभाटा पुलिस थाना पहुंचे और अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के बाद सीआई सुनीता गुर्जर मय जाप्ता के पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी के घर पहुंची और मौका मुआयना किया। पिछले विधानसभा चुनाव में बिधूड़ी 50 हजार से अधिक मतों से हारे हैं। चित्तौड़गढ़ जिले की पांचों सीटों में से सबसे अधिक मतों से कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी की हार हुई।