चिरंजीवी नहीं, अब आयुष्मान भारत

चिरंजीवी नहीं,  अब आयुष्मान भारत

राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के साथ योजनाओं के नाम बदलने औऱ उन्हें बंद करनेका सिलसिला जारी है। भाजपा सरकार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर चल रही इंदिरा रसोई के बाद अब मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदलने की तैयारी में है। इस योजना को आयुष्मान भारत कार्ड के नाम से चलाया जाएगा। इसमें बीमित राशि फिलहाल 5 लाख रुपए है। आगे इस राशि को बढ़ाकर 25 लाख रुपए तक ले जाया जा सकता है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने फलोदी में यह संकेत दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड से ही राजस्थान को चिरंजीवी बनाया जाएगा।

अबतक बंदी की योजनाएं-- 

राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप योजना को भाजपा सरकार ने 31 दिसंबर, 2023 से बंद कर दिया है। इसमें करीब 50,000 युवा लगे हुए थे। जिनका काम सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करना था। इन युवाओं को 10,000 रुपए प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जाता था।

युवा मित्र योजना को भी भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। इसमें करीब 5000 युवा लगे हुए थे, जो अब बेरोजगार हो गए हैं।

महात्मा गांधी सेवा प्रेरक योजना भी सीएम भजन लाल ने बंद करा दी है। इस योजना में करीब 50,000 युवाओं की भर्ती की जानी थी, लेकिन, यह भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई है।