शुभ मुहूर्त निकला तो नहीं भरा पर्चा

गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल को आज 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करना था, लेकिन रोड शो में भारी भीड़ उमड़ने और इस बीच शुभ मुहूर्त निकल जाने के बाद सीआर पाटिल ने नामांकन नहीं भरा।

शुभ मुहूर्त निकला तो नहीं भरा पर्चा

2019 लोकसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल अब 19 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी की तरफ से मीडिया को मिले कार्यक्रम के अनुसार सीआर पाटिल को आज 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करना था, लेकिन रोड शो में भारी भीड़ उमड़ने और इस बीच शुभ मुहूर्त निकल जाने के बाद सीआर पाटिल ने नामांकन नहीं भरा। अब वह तीसरे चरण के नामांकन के अंतिम दिन विजय मुहूर्त में पर्चा दाखिल करेंगे।

सीआर पाटिल ने केंद्रीय चुनाव कार्यालय से रोड शो की शुरूआत की थी, जो सर्किट हाउस होकर कोर्ट संकुल और विवेकानंद स्टेच्यू पहुंचा था। रोड शो का समापन कलेक्टर ऑफिस पर हुआ। उनके रोड शो में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, वित्त मंत्री कनुभाई देसाई और गुजरात प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री रत्नाकर मौजूद रहे। रोड शो सुबह 10 बजे शुरू हुआ था, लेकिन निर्धारित समय से पहले वह कलेक्टर कचेहरी नहीं पहुंच पाए। इसके बाद पार्टी की तरफ से नामांकन दाखिल नहीं किया गया। मीडिया को गुजरात में वीआईपी कैंडिडेट का एक शेड्यूल मिला था। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 19 अप्रैल को पर्चा भरना था। सीआर पाटिल के लिए 18 अप्रैल की तिथि तय थी।

69 साल के सीआर पाटिल नवसारी लोकसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वे 2009 में पहली बार जीते थे। इसके बाद उन्होंने 2014 और फिर 2019 में जीत हासिल की। 2019 के लोकसभा चुनावों में पाटिल देश में सबसे बड़े मार्जिन से चुनाव जीते थे। उन्हें कुल 972,739 वोट मिले थे और वे 6,89,688 वोटों से चुनाव जीते थे। पार्टी ने चुनाव में 74.37 फीसदी वोट हासिल करके एक नया कीर्तिमान बना दिया था। राजनीति में आने से पहले सीआर पाटिल गुजरात पुलिस में कांस्टेबल हुआ करते थे। गुजरात विधानसभा चुनावों के पाटिल की अगुवाई में भाजपा ने 182 में 156 सीटें जीती थीं।