अलवर में प्रियंका के रोड-शो में उमड़ी भीड़

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज दोपहर अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में वहां रोड शो किया। इस दौरान जनसैलाब देखने को मिला।

अलवर में प्रियंका के रोड-शो में उमड़ी भीड़

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज दोपहर अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में वहां रोड शो किया। इस दौरान जनसैलाब देखने को मिला। प्रियंका गांधी का रोड शो अलवर के कंपनी बाग के पास शहीद स्मारक से शुरू होकर भगत सिंह चौराहे पहुंचकर खत्म हुआ।

इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई नेता रथ में सवार रहे। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह के समर्थन में राहुल गांधी ने रोड शो किया था।

प्रियंका गांधी ने 3 किमी लंबे रोड शो के दौरान करीब 50 मिनट में अलवर की राजनीति नाप ली। रोड शो में समर्थकों का उत्साह चरम पर था। प्रियंका गांधी ने भी किसी को निराश नहीं किया। प्रियंका ने मौन रहकर वोट मांगा और मुस्कुराहट से सबका दिल जीत लिया। अलवर शहर के कंपनी बाग के सामने शहीद स्मारक से शुरू हुआ रोड शो मन्नी का बड़, चर्च रोड, होपसर्कस, कलाकंद मार्केट, घंटाघर, काशीराम चौराहा होते भगत सिंह चौराहे पर जाकर खत्म हुआ।

प्रियंका ने आज बांदीकुई में दौसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मुकुरपुरा चौराहे पर जनसभा में भी भाग लिया। उन्होंने अपने भाषण में मोदी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा, मोदी सरकार किसान, मजदूर, युवाओं की आशा पर नहीं उतरी खरी। महंगाई की मार से आमजन परेशान हैं तो किसान कर्ज में डूब रहा है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, वहीं मोदी सरकार द्वारा उद्योगपतियों को सीधा लाभ पहुंचाया जा राहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने हर खाते में 15 लाख देने व काला धन लाने की बात कही थी, लेकिन आज तक किसी भी व्यक्ति के खाते में एक रुपया भी नहीं आया। ठेकेदारों से मोदी सरकार चंदा ले रही है। पूर्व में लोग अपने मुद्दों पर नेताओं से सीधी बात कर सकते थे, अब करना संभव नहीं। अब आवाज उठाने वाले के खिलाफ पुलिस और ईडी से कार्रवाई करवाई जा रही।