मंत्री बोले--चुनाव बाद नहीं पकड़े जाएंगे रेत, पत्थर के ट्रैक्टर

मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना मुरैना के लोगों को भरोसा दे रहे हैं कि चुनाव के बाद रेत और पत्थर के ट्रैक्टर नहीं पकड़े जाएंगे।

मंत्री बोले--चुनाव बाद नहीं पकड़े जाएंगे रेत, पत्थर के ट्रैक्टर

लोकसभा चुनाव के बीच मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह मुरैना के लोगों को भरोसा दे रहे हैं कि चुनाव के बाद रेत और पत्थर क ट्रैक्टर नहीं पकड़ जाए। वह वोट के लिए लोगों को भरोसा दे रहे थे कि अगर पकड़ा जाए तो मुझे फोन करना। गांव में लोगों की शिकायत है कि उनका ट्रैक्टर पकड़ा जाता है। कृषि मंत्री का यह वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है। वह लोगों को भरोसा दे रहे हैं कि आप निश्चिंत रहो।

मंत्री गांव के लोगों को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि हमें पता है कि हमारे समाज के लोग रेत और पत्थर का धंधा करते हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है। अगर वह ऐसा नहीं करेंगे, तो गलत रास्ते पर चले जाएंगे। फिर समाज के लड़कों की बदनामी होगी। मंत्री कंसाना अपने लोगों से कह रहे हैं कि हम चुनाव के बाद ऐसी व्यवस्था करेंगे कि आपका कोई ट्रैक्टर नहीं पकड़े। मैं आप सभी लोगों को यह विश्वास दिलाता हूं। मंत्री कह रहे हैं, मैं आपका सरपंच भी हूं।

उल्लेखनीय है कि ग्वालियर-चंबल के इलाके में अवैध खनन खूब होता है। आए दिन पुलिस और खनन विभाग कार्रवाई करती है। कई बार खनन माफिया पुलिस और अफसरों के साथ मारपीट भी करते हैं। साथ ही उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करते हैं। ऐसी खबरें लगातार उन इलाकों से आती है। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती बरतती है।

मंत्री कंसाना ने मुरैना लोकसभा सीट से प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के लिए प्रचार करने गए थे। उन्होंने गांव के लोगों के सामने भगवान के दरबार में कहा, मैं झूठ नहीं बोलूंगा। आप सभी को लग रहा है कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार दिल्ली में बन सकती है क्या? कांग्रेस की सरकार बन सकती है क्या। आज देश का बच्चा-बच्चा यह कह रहा है कि मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन रहे हैं। मोदी जी प्रधानमंत्री बन रहे हैं तो एकाध जगह से गलत आवाज आ रही है।