जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर आप का प्रदर्शन, लाठीचार्ज

जयपुर में भी आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया ।

जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर आप का प्रदर्शन, लाठीचार्ज

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार दोपहर राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने भाजपा कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उस वक्त हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों ने जबरन भाजपा ऑफिस में घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले से ही वहां बैरिकेड्स लगाए हुए थे। आप के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान भाजपा प्रदेश कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इसके बावजूद आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस सुरक्षा में सेंध लगाते हुए भाजपा मुख्यालय में घुसने की कोशिश की। बेकाबू कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। साथ ही कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत लिया।

जब आप कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय सीएम भजनलाल शर्मा भाजपा कार्यालय के अंदर मीटिंग ले रहे थे। ऐसे में पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को कंट्रोल करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को तुरंत गाड़ी में बिठाकर थाने ले गई।

बता दें कि कथित दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में गुरुवार देर शाम प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। सीएम केजरीवाल ने पूरी रात ईडी के लॉकअप में बिताई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ता काफी नाराज हैं। आज सुबह से ही देशभर में मोदी सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।