भाजपा का कुनबा और बढा

भाजपा के कुनबे में बड़ा इजाफा हुआ। भाजपा से रूठे चन्द्रभान सिंह आक्या सहित चार निर्दलीय विधायकों ने भगवा पार्टी को समर्थन दे दिया।

भाजपा का कुनबा और बढा

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के कार्यकाल का एक साल पूरे होने के मौके पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आज दोपहर विजय संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के कुनबे में बड़ा इजाफा हुआ। भाजपा से रूठे चन्द्रभान सिंह आक्या सहित चार निर्दलीय विधायकों ने भगवा पार्टी को समर्थन दे दिया। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा से टिकट कटने के बाद चंद्रभान सिंह आक्या बागी हो गए थे। उन्होंने चित्तौड़गढ़ से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए। इसके साथ ही 8 दिन पहले शिव सेना को समर्थन देने वाली बयाना से निर्दलीय विधायक रितु बनावत ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली। बाकी के दो निर्दलीय विधायक सांचौर से जीवाराम चौधरी, हनुमानगढ़ से गणेश राज हैं। साथ ही पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा भी भाजपा में शामिल हो गए

भाजपा से नाराज होकर कोटपूतली से चुनाव लड़ने वाले मुकेश गोयल, बस्सी से जितेंद्र मीणा, जालम सिंह रावलोत, विकेश खोलिया, सुखवंत सिंह, विजय मीणा और दानाराम चौधरी भी भाजपा में शामिल हुए। इस अवसर पर राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- गोपाल सिंह ईडवा ने मेरे सामने चुनाव लड़ा था। आज वे बिना शर्त भाजपा में शामिल हो गए हैं।

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के बाद से अब तक करीब 50 नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, खिलाड़ी लाल बैरवा, महेंद्रजीत सिंह मालवीया, पूर्व सांसद करण सिंह यादव, पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, विजयपाल मिर्धा, राजेंद्र यादव, अलवर जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, रामपाल शर्मा, प्रताप पूनिया, सुरेश चौधरी सहित कई प्रमुख नेता कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके है।